मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने दिए कलेक्टरों को सख्त निर्देश, कहा- बाजारों पर निगाह रखें और नियमों का पालन कराएं

भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि लॉकडाउन 5 अर्थात अनलॉक 1.0 में दुकानों के खुलने पर बहुत भीड़ एकत्र न हों और सभी सावधानियां जरूरी बरती जायें। उन्होंने कहा कि इस बारे में सभी दुकानदार, आम नागरिक और नगर निगम सहित संबंधित सरकारी विभाग विशेष ध्यान रखें। इस बारे में कलेक्टर्स को भेजे जा रहे विस्तृत निर्देश भारत सरकार की गाइड लाइन के अनुरूप तैयार किये गये हैं। इनका कलेक्टर्स द्वारा पालन सुनिश्चित कराया जाये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्रों में फेस मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग अनिवार्य है। हैण्ड सेनेटाइजर और साबुन से हाथ धोने की व्यवस्था भी दुकानों के पास उपलब्ध करवाई जाये। दुकान पर बिना मास्क के कोई ग्राहक न आ सकेगा। उन्होंने निर्देश दिये कि बाजारों के खुलने से नागरिकों की आवाजाही बढ़ना स्वाभाविक है। इसके साथ ही सभी आवश्यक उपायों से कोरोना वायरस पर नियंत्रण का कार्य लगातार होना चाहिये।

स्वास्थ्य आयुक्त फैज अहमद किदवई ने जानकारी दी कि मध्यप्रदेश में कुल 8 हजार 420 कोरोना पॉजिटिव केस पाये गये हैं। अब तक 5 हजार 221 रिकवर हो गये हैं। एक्टिव केस 2 हजार 835 हैं। कल पाये गये पॉजिटिव केस 137 हैं। एक दिन में 218 भर्ती किये गये रोगी डिस्चार्ज हुये हैं। प्रदेश का रिकवरी रेट 62 प्रतिशत है। जबकि देश का रिकवरी रेट 48.1 प्रतिशत है।

20 मार्च को मिला था पहला पॉजिटिव

मुख्यमंत्री ने जबलपुर के संबंध में समीक्षा के दौरान कहा कि जबलपुर में 20 मार्च को प्रथम कोरोना पॉजिटिव की जानकारी प्राप्त हुई थी। जिले में नियंत्रण अच्छा रहा, लेकिन किसी भी स्थिति में रोग को छिपाने का कार्य नहीं होना चाहिये। जिले में हुई 10 मृत्यु के संबंध में मुख्यमंत्री ने प्रकरण वार जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई मृत्यु की घटनाओं की समीक्षा कर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया जाये।

राजगढ़ में हो रहा सर्वे
मुख्यमंत्री ने राजगढ़ जिले में कोरोना नियंत्रण की समीक्षा करते हुये पूछा कि क्या सर्वे दल अभी भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही बाहर से आये श्रमिकों की स्क्रीनिंग की क्या व्यवस्था है। कलेक्टर ने बताया कि जिले में 1600 श्रमिक बाहर से आये थे, जिनकी क्वारैंटाइन की व्यवस्था की गई। जिले में कुल 60 सर्वे दल कार्य कर रहे हैं। कुल 06 कंटेनमेंट एरिया बनाये गये हैं, जिनसे 18 हजार 220 आबादी कवर हो रही है। जिले में 23 फीवर क्लीनिक संचालित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *