24 घंटे में 18339 मरीज बढ़े, अब तक 5.67 लाख केस

नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 5 लाख 67 हजार 536 हो गई है। सोमवार को 18 हजार 339 नए मरीज सामने आए और 13 हजार 497 ठीक हो गए। तमिलनाडु में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। बीते 24 घंटे में यहां रिकॉर्ड 3949 मरीज बढ़े, यह संख्या 5वें दिन 3500 से ज्यादा रही। सबसे ज्यादा संक्रमितों वाले राज्यों में यह दूसरे नंबर पर आ गया है। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। सोमवार को देश में 417 लोगों की जान गई।

अब संक्रमण देश के छोटे जिलों में भी बढ़ रहा है। कुछ जिलों में मौतें 200 से ज्यादा हो गई हैं और मृत्यु दर तेजी से बढ़ रही है। इनमें महाराष्ट्र के सोलापुर और जलगांव शामिल हैं। यहां मृत्यु दर सबसे ज्यादा मौतों वाले जिलों जैसे मुंबई (4463 मौतें), अहमदाबाद (1432 मौतें), ठाणे (871 मौतें) और कोलकाता (372 मौतें) से ज्यादा है। सोलापुर में मृत्यु दर 9.75% और जलगांव में 6.90% है। वहीं, मुंबई में मृत्यु दर सिर्फ 5.78% है, जबकि यहां मौतें साढ़े चार हजार के करीब पहुंच गई हैं।

तमिलनाडु और महाराष्ट्र में लॉकडाउन 31 जुलाई तक बढ़ाया
तमिलनाडु सरकार ने 31 जुलाई तक जनरल लॉकडाउन बढ़ा दिया है। चेन्नई और आसपास के इलाके में 5 जुलाई तक सख्त लॉकडाउन लागू रहेगा। जबकि पूरे राज्य में जुलाई में हर रविवार सख्त लॉकडाउन रहेगा। वहीं, महाराष्ट्र में भी लॉकडाउन 31 जुलाई तक बढ़ाया गया है। इससे पहले पश्चिम बंगाल और झारखंड में लॉकडाउन 31 जुलाई तक और मणिपुर में 15 जुलाई तक बढ़ाया जा चुका है।
मध्यप्रदेश: यहां सोमवार को 184 नए मरीज सामने आए और 7 की जान गई। भोपाल में 24, इंदौर में 49, मुरैना में 24 पॉजिटिव केस बढ़े। राज्य में संक्रमितों की संख्या 13 हजार 370 हो गई, इनमें से 2607 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 564 लोगों की मौत हुई है।
महाराष्ट्र: यहां सोमवार को 5257 संक्रमित मिले और 181 लोगों की मौत हुई। मुंबई में 1226 मामले बढ़े, यहां अब 76 हजार 765 मरीज हो गए। प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 1 लाख 69 हजार 883 हो गई, इनमें से 73 हजार 298 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 7610 ने जान गंवाई।

pradeshkidhadkan.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *