Advertisement

पोषण पुनर्वास केन्द्र में 14 दिन भर्ती रहने पर अरशद स्वस्थ्य होकर अपने घर लौटा

खण्डवा। अरशद पिता सद्दाम उम्र 1 वर्ष 6 माह निवासी घासपुरा खंडवा को श्री दादाजी धूनीवाले वाले जिला चिकित्सालय खंडवा में बच्चे की माँ श्रीमती गुलबसा एवं पिता सद्दाम गत दिनों गंभीर कुपोषण एवं तीव्र श्वसन संक्रमण एवं चिकित्सकीय जटिलता के साथ लेकर आए थे। जहाँ पर डॉ. दीपक पंचोरे शिशु रोग विशेषज्ञ द्वारा देखा गया। बच्चे की गंभीरता को देखते हुए उसे शिशु वार्ड में भर्ती किया गया। यहाँ पर अन्य जाँच हुई, जिसमें गंभीर एनीमिया, बुखार, निमोनिया का तत्काल उपचार प्रारंभ किया। वार्ड में चार दिन भर्ती रखने के बाद अरशद की स्थिति सामान्य होने पर उसे पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कर डॉ. दीपक पंचोरे शिशु रोग विशेषज्ञ द्वारा तत्काल उपचार प्रारंभ किया। प्रतिदिन चिकित्सक के द्वारा बच्चे की जाँच की गई एवं उसे आवश्यक दवाएं व उपचार भी प्रदान किया गया। साथ ही माता को भी समय पर बच्चे की देखभाल, स्वच्छता व बच्चे को दिए जाने वाले आहार के बारे में समझाया गया। अरशद का एनआरसी में 14 दिन तक उपचार करने के पश्चात एवं स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसकी एनआरसी से छुट्टी कर दी गई। बच्चे का वजन भर्ती के समय 6 किलो 670 ग्राम एवं एम.यू.ए.सी. नाप 11.9 सेंटीमीटर था। टीम द्वारा अच्छी देखभाल एवं उपचार किया गया। अरशद का वजन बढ़कर 7 किलो 690 ग्राम व एम.यू.ए.सी. नाप 12.3 हो गया। पोषण पुनर्वास केंद्र की पोषक प्रशिक्षक शबनम खान द्वारा अरशद की माता को कैसा, कब और कितना आहार देना है की जानकारी देते हुए, स्वच्छता एवं आहार के लिए भी प्रेरित किया गया। उन्होंने घर में उपलब्ध खाद्य सामग्री से कैसे ज्यादा पोषण आहार दिया जा सकता है इसकी भी जानकारी दी। अरशद की माँ गुलबसा एवं पिता श्री सद्दाम द्वारा सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल एवं सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि जब बच्चे को यहाँ पर भर्ती किया था तब बच्चे की हालत बहुत गंभीर थी। मेरी पत्नी और मैं घबरा गए थे, परंतु यहाँ पर डॉक्टर एवं अन्य स्टाफ द्वारा मेरे बच्चे की अच्छी देखभाल एवं उपचार के कारण उसकी जान बच गई। श्री सद्दाम ने बताया कि यहाँ पर दवाइयों एवं भोजन के साथ-साथ अन्य सभी सुविधाएं भी निःशुल्क प्राप्त हुई हैं। इसके लिए उन्होंने सरकार, जिला प्रशासन एवं अस्पताल प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *