Advertisement

तम्बाकू मुक्त मंडलेश्वर की पहल शुरू

खरगोन : कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल ने 27 जून को तम्बाकू मुक्त पवित्र नगर मंडलेश्वर में अभियान के तहत चल रही गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर प्रसिद्ध राम घाट पहुंची, जहां नगर परिषद अध्यक्ष विश्वदीप मोयदे द्वारा नर्मदा घाट पर प्रतिबंधित क्षेत्र बनाए जाने की जानकारी दी और अभियान की रूपरेखा बताई। यहां घाट पर नगर पालिका द्वारा लगवाए गए चेतावनी वाले बैनर को कलेक्टर सुश्री मित्तल ने लगाकर इस अभियान की शुरुआत की। नगर परिषद द्वारा नगर के मंदिरों घाटों शिक्षण संस्थाओं के आसपास 100 मीटर की दूरी वाले तम्बाकू निषिद्ध क्षेत्र को चिन्हित कर वहां चेतावनी वाले बैनर लगाए जा रहे है। इस संबंध में नगर परिषद के अमले ने आज इन क्षेत्रों में तम्बाकू उत्पाद बेचने वालों से तम्बाकू उत्पाद हटवा दिए है और भविष्य में नहीं बेचने की चेतावनी दी है।      

  कलेक्टर ने नर्मदा पूजन के बाद छप्पन देव गुप्तेश्वर के किए दर्शन              

  कलेक्टर सुश्री मित्तल ने रामघाट पर मां नर्मदा का पूजन कर साड़ी अर्पित की। श्रीराम मंदिर होते मलशमनेश्वर महादेव मंदिर गंगाझीरा में चल रहे मंदिर निर्माण और गंगा झीरा कुंड भी देखा। इसके बाद आदि शंकराचार्य और मंडन के शास्त्रार्थ स्थल पर निर्मित मंडनेश्वर शिवालय में भैरव नाथ के दर्शन किए। इसके पश्चात गुप्तेश्वर शिवालय को भी देखा। कलेक्टर सुश्री मित्तल ने सिंहस्थ योजना की भी जानकारी ली। सिंहस्थ के लिए पार्किंग व्यवस्था गंगाझीरा पर करने की योजना एसडीएम श्री अनिल जैन और टीआई श्री दीपक यादव द्वारा जानकारी दी गई। अध्यक्ष विश्वदीप मोयदे ने मंडलेश्वर नर्मदा घाट के लिए भी एक दो मोटर बोट प्रदान करने की मांग की। कलेक्टर सुश्री मित्तल ने कहा कि अब नर्मदा में डीजल बोट पूरी तरह से हटाने की योजना है। उसके स्थान पर महेश्वर में इको फ्रेंडली बोट चलेगी। कुछ बोट मंडलेश्वर को भी दी जाएगी।        

       इस अवसर पर मध्य प्रदेश वॉलंटरी हेल्थ एसोसिएशन भोपाल के स्टेट कॉर्डिनेटर आनंद वर्मा, जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एमएस सिसोदिया, जिला नोडल अधिकारी डॉ अवधेश पाटीदार, रत्नदीप मोयदे, पार्षद कमलेश भार्गव, संजय कलोसिया, रमानंद केवट सहित आमजन और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *