दमोह : शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) दमोह के लिए गौरव का विषय है कि इलेक्ट्रीशियन ट्रेड सत्र 2022–24 के दो प्रशिक्षार्थियों सत्यम चोबे पिता भगवानदास चोबे एवं निशांत चोबे पिता बबलू चोबे का चयन भारतीय सेना में अग्निवीर टेक्नीशियन के पद पर हुआ है।
दोनों चयनित युवा वर्तमान में सिकंदराबाद (तेलंगाना) में सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के पश्चात उन्होंने शासकीय आईटीआई दमोह से इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में दो वर्षीय तकनीकी प्रशिक्षण लिया था।
अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में तकनीकी योग्यता के आधार पर दोनों को बोनस अंक प्राप्त हुए, जिससे चयन प्रक्रिया में उन्हें महत्वपूर्ण लाभ मिला। शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा एवं दस्तावेज सत्यापन सहित सभी चरणों में उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता अर्जित की।
इस उपलब्धि के पीछे दोनों प्रशिक्षार्थियों के माता-पिता का निरंतर प्रोत्साहन एवं अनुशासन महत्वपूर्ण रहा। साथ ही प्रशिक्षण अधिकारी बहादुर सिंह के मार्गदर्शन एवं संस्था प्राचार्य के कुशल नेतृत्व का भी विशेष योगदान रहा।
संस्था प्राचार्य ने चयनित प्रशिक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल संस्थान बल्कि पूरे दमोह जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाते हुए राष्ट्र सेवा का अवसर प्रदान करती है।

















Leave a Reply