भोपाल।रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय फुटबॉल ग्राउंड पर आयोजित एजीयू स्पोर्ट्स मीट–2026 का भव्य समापन समारोह उत्साह, उल्लास और खेल भावना के वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति रही। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विजेता टीमों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसजीएसयू के कुलसचिव डॉ सितेश सिन्हा, डॉ सी वी रामन यूनिवर्सिटी वैशाली बिहार के कुलसचिव डॉ बृजेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी श्री अशोक ध्यानचंद ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त साधन है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का आत्मविश्वास प्रदान करती हैं।
अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि आईसेक्ट ग्रुप का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में टीम भावना, निर्णय क्षमता और चुनौतियों से जूझने का साहस विकसित करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि ‘एजीयू स्पोर्ट मीट- 2026’ समूह के सभी विश्वविद्यालयों को एक साझा मंच पर लाकर आपसी समन्वय और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देता है। “हम चाहते हैं कि हमारे विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेल और कौशल विकास में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं,” उन्होंने कहा।
रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय की उप कुलाधिपति डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने कहा कि एजीयू स्पोर्ट्स मीट केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विभिन्न विश्वविद्यालयों के बीच समन्वय और एकता का उत्सव है। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा है, किंतु खेल भावना ही वास्तविक विजय है।
रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी ने आभार प्रदर्शन करते हुए आयोजन से जुड़े सभी समन्वयकों, खेल अधिकारियों, निर्णायकों एवं स्वयंसेवकों का धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि सभी के सहयोग से यह आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में क्रिकेट में रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। फाइनल के मैन ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट संजय मानिक (रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय) रहे, जबकि बेस्ट बॉलर का खिताब भरत ( रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय) को मिला। बेस्ट बैट्समैन हिमांशु (सी.वी रमन विश्वविद्यालय खंडवा) घोषित हुए। SGSU भोपाल रनर-अप रहा।
फुटबॉल प्रतियोगिता में आईसेक्ट विश्वविद्यालय (झारखंड) ने खिताब जीता। फाइनल के मैन ऑफ द मैच नितेश कुमार और गोल्डन बॉल विजेता हिमांशु पासवान आईसेक्ट विश्वविद्यालय (झारखंड) रहे। गोल्डन बूट के. पुष्टि तथा गोल्डन ग्लोब आरोन के.एम. (रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल) को प्रदान किया गया। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल उपविजेता रहा।
महिला फुटसल में रबिन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप जीती। फाइनल की वुमन ऑफ द मैच प्रियांशू रहीं, जबकि एकता पवार को गोल्डन बॉल और वैदेही यादव को गोल्डन बूट प्रदान किया गया। गोल्डन ग्लव करिश्मा कुमारी (आईसेक्ट विश्वविद्यालय, झारखंड) को मिला। आईसेक्ट विश्वविद्यालय (झारखंड) उपविजेता रहा।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भी रबिन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल विजेता बना। फाइनल की मैन ऑफ द मैच योगिनी रहीं। मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का पुरस्कार करण (सी.वी रमन विश्वविद्यालय, बिलासपुर) को मिला। स्किल बेस्ट प्लेयर अंकित (रबिन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय) घोषित हुए, जबकि सी.वी रमन विश्वविद्यालय बिलासपुर उपविजेता रहा।
















Leave a Reply