कमिश्नर श्री मिश्रा ने किया खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण, दिये आवश्यक निर्देश

नरसिंहपुर। कमिश्नर श्री रवीन्द्र कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को खरीदी केन्द्र सिमरिया (कंजई) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खरीदी केन्द्र पर उपस्थित कर्मचारियों से चर्चा कर जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि अभी तक कितने किसानों द्वारा केन्द्रों पर अपनी उपज कितनी मात्रा में लाई गई। सर्वेयर द्वारा बताया गया कि किसान दो शिफ्ट में केन्द्रों पर पहुंच रहे हैं। इसकी जानकारी उन्हें एसएमएस द्वारा दी जा रही है। साथ ही दूरभाष पर भी चर्चा कर ली जाती है।
         कमिश्नर श्री मिश्रा ने कहा कि किसान अपनी फसल को आसपास के शासकीय भवन, आंगनबाड़ी केन्द्र, स्कूल आदि में रखकर अपनी बारी का इंतजार कर सकते हैं। सर्वेयर एवं ऑपरेटर से मौके पर उपज की जांच करने वाली मॉईंश्चर मशीन को संचालित करने कहा। उन्होंने कहा कि मशीन अच्छी से कार्य करे इसका ध्यान रखा जाये। उपज का अच्छे से मशीन द्वारा परीक्षण किया जाये तदुपरांत ही खरीदी की जाये। उपज एफएक्यू के मानकों पर हो इसका विशेष ध्यान रखा जाये। उन्होंने खरीदी केन्द्र में कोरोना वायरस से बचाव हेतु सोशल डिस्टेंसिंग के मापदंडों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिये। कमिश्नर ने निर्देशित किया कि खरीदी केन्द्रों में साबुन, सेनेटाइजर एवं मास्क आदि का उपयोग हो यह सुनिश्चित किया जाये। इसके उपरांत उन्होंने पीडीएस की दुकान, कीटनाशक एवं खाद वितरण केन्द्र का भी जायजा लिया। कितने हितग्राहियों को अभी तक राशन वितरण हुआ है इसकी भी जानकारी ली। उन्होंने अपने समक्ष वितरण के लिये आये चावल की बोरियों को तुलवाया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री दीपक सक्सेना, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, एसडीएम श्री जीसी डेहरिया सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *