मध्यप्रदेश का 66वाँ स्थापना दिवस आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश की थीम पर आयोजित हुआ

भोपाल। मध्यप्रदेश का 66वाँ स्थापना दिवस आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश की थीम पर मध्यप्रदेश उत्सव के रूप में मनाया गया। राज्य-स्तरीय कार्यक्रम भोपाल के लाल परेड ग्राउण्ड में राष्ट्रगान और मंत्रोच्चारण के साथ शुरू हुआ। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री सुश्री उषा ठाकुर उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने नागरिकों को आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प दिलवाया।
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें। सभी प्रदेशवासी एकजुट होकर आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के लिए प्रयास करें। स्वदेशी उत्पादों का स्वयं उपयोग करें एवं दूसरों को भी प्रेरित करें। राज्यपाल श्री पटेल ने मध्यप्रदेश में 7 करोड़ से अधिक वैक्सीनेशन होने पर सरकार को बधाई दी। उन्होंने प्रदेश के 66वें स्थापना दिवस और दीपावली के पावन पर्व की सभी प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि सबके घर में सुख समृद्धि का वास हो प्रदेश विकास और उन्नति के नए कीर्तिमान स्थापित करे।
आत्म-निर्भर म.प्र. के लिए सरकार के साथ समाज का साथ आवश्यक
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के नागरिकों को स्थापना दिवस और दीपावली के पावन पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के लिए सरकार के साथ समाज खड़ा हो, तभी हमारा विकास का संकल्प पूरा होगा। विकास में आम जनता का सहयोग और साथ चाहिए। प्रत्येक नागरिक कोई एक कार्य हाथ में ले। पर्यावरण सुरक्षा में भी सहयोग दें। हर व्यक्ति विशेष अवसरों पर पौधा लगाये।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इस दिवाली पर आप सामान खरीदी में स्थानीय उत्पाद को प्राथमिकता दें। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भी कहा है कि इस दीपावली पर दीपक, मूर्ति आदि जो लोकल कारीगरों द्वारा बनी हैं, ऐसे उत्पाद ही खरीदें। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कारीगरों की दिवाली भी अच्छी बन जाए, ऐसे हम सबको प्रयास करना होंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना के कठिन काल के बाद यह आयोजन हो रहा है। कोरोना से बचाव के लिए सभी को अनिवार्य रूप से दोनों डोज लगवाना है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने स्वदेशी वैक्सीन के माध्यम से जनता को सुरक्षा चक्र उपलब्ध करवाया है, इसका उपयोग करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि विकास का प्रकाश बेमानी है यदि गरीब का घर न जगमगाए। हमारा संकल्प है कि गरीब की जिंदगी बदलेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अधिकार के साथ कर्त्तव्य का पालन भी करना है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में ढाई करोड़ आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं, जिससे प्रति व्यक्ति को 5 लाख तक का उपचार नि:शुल्क रूप से प्राप्त होता है। प्रदेश में सीएम राइज स्कूल प्रारंभ किए जाएंगे। इन स्कूलों में लेब, कम्प्यूटर और स्मार्ट क्लास की व्यवस्था रहेगी। बेटियों के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना संचालित है। बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए 25 हजार रूपए की राशि एक मुश्त दी जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सामान्य वर्ग और पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए आयोग बनाये गये हैं। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध हो रहा है। छोटे और सीमांत किसानों को वर्ष में 10 हजार रूपए की राशि दी जा रही है। किसानों के उत्पादन के निर्यात की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना से जिस तरह सरकार और समाज ने संयुक्त रूप से मुकाबला किया उसी तरह अब आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के लिए सभी को मिलकर प्रयासों की पराकाष्ठा करना होगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रत्येक कार्य सरकार नहीं कर सकती, आम लोगों को सहभागी बनना होगा। तभी हम समाज के प्रत्येक वर्ग की जिंदगी बदल पाएंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विभिन्न क्षेत्रों में किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने अटल एक्सप्रेस-वे, नर्मदा एक्सप्रेस-वे, नदी जोड़ो अभियान में हो रहे कार्य, सिंचाई पेयजल, विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में योजनाओं के क्रियान्वयन और सौर ऊर्जा क्षेत्र में नए प्रयासों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने देश के विकास में विभिन्न वर्गों के योगदान का स्मरण कर धन्यवाद दिया।
कुसुम योजना
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा के नवीन कुसुम योजना प्रारंभ होगी, जिसमें 2 मेगावाट के पावर प्लांट स्थापित करने के लिए स्थानीय निकायों को सहयोग दिया जाएगा। उनके द्वारा उत्पादित विद्युत को खरीदने की व्यवस्था शासन द्वारा होगी।
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना प्रारंभ की जाएगी, जो युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काफी मददगार होगी। योजना में युवाओं को उद्यम स्थापित करने के लिये एक से 50 लाख रूपये तक का ऋण दिया जायेगा, जिसकी गारंटी सरकार देगी। इसमें 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान भी दिया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पुरानी योजनाओं को नया स्वरूप दिया जाएगा। लघु, मध्यम और सूक्ष्म उद्योगों के क्षेत्र में तेजी से कार्य होगा। संबल योजना को पूरी ताकत से साथ लागू किया जाएगा।
आवासहीनों को भू-खण्ड
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा एक परिवार में सदस्यों की संख्या बढ़ जाने से समस्या होती है। इसके लिए मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना में परिवारों के सदस्यों को मकान के लिए भूखंड देकर मालिक बनाने का कार्य किया जाएगा।
प्रदेश की संस्कृति हमारी पहचान, अस्मिता, आन-बान और शान है
संस्कृति, पर्यटन और आध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की संस्कृति हमारी पहचान, अस्मिता, आन-बान और शान है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशन में संस्कृति विभाग सतत प्रयास कर प्रदेश की संस्‍कृति को निरंतर समृद्धता की ओर ले जा रहा है। कोविड-19 महामारी के दौर में निरंतर ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित कर जहाँ प्रदेशवासियों को मानसिक अवसाद से बचाया है वही प्रदेश में कलाकारों को प्रस्तुतियों के लिए आमंत्रित कर प्रदेश का वातावरण रचनात्मक और सृजनात्मक बनाया है। सुश्री ठाकुर ने ‘आज़ादी का अमृत महोत्सव’ के अवसर पर प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि दीपावली के पावन पर्व पर शहीदों के नाम एक दीपक प्रज्ज्वलित करें और दीपक को समीप के शहीद स्मारक तक पहुँचाये। यही शहीदों को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।।
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने कहा आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के लिए सभी का सहयोग सरकार को प्राप्त होगा। कोरोना के बाद उत्पन्न चुनौतियों का मुकाबला कर मध्यप्रदेश को उन्नत बनाने में सहयोग देंगे।
नृत्य नाटिका ने दर्शकों का मन मोहा
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के राज्य-स्तरीय कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश की थीम पर प्रस्तुत नृत्य नाटिका ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रदेश के विकास और आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के लिए जनता की भागीदारी का कथ्य सुंदर प्रकाश संयोजन, कलाकारों के उत्कृष्ट अभिनय और विशेष मंच सज्जा के साथ प्रस्तुत किया गया। करीब 300 कलाकारों ने इसमें हिस्सा लिया। पार्श्व गायक श्री मोहित चौहान ने भी अपनी प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नृत्य नाटिका का निर्देशन करने वाली सुश्री मेत्रियी पहाड़ी को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नृत्य नाटिका के कलाकारों के साथ समूह छायाचित्र भी खिंचवाया।
प्रमुख सचिव संस्कृति और जनसंपर्क श्री शिव शेखर शुक्ला ने स्थापना दिवस पर अतिथि कलाकारों द्वारा दी जाने वाली प्रस्तुति एवं संस्कृति विभाग की गतिविधियों की जानकारी दी। गायिका सुश्री सुहासनी ने श्री महेश श्रीवास्तव द्वारा लिखित मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा, सांसद सुश्री प्रज्ञा ठाकुर, मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, श्री भारत सिंह, सुश्री मीना सिंह, पूर्व प्रोटेम स्पीकर श्री रामेश्वर शर्मा, विधायक श्री पी.सी. शर्मा, विधायक श्री विष्णु खत्री सहित जन-प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कला एवं संगीत प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *