खरगोन : प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, खरगोन के सूक्ष्मजीव विज्ञान (माइक्रोबायोलॉजी) विभाग द्वारा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जीएस चौहान के मार्गदर्शन में “माइक्रोबायोलॉजी में रिसर्च और रोजगार के अवसर” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. प्रीति सोलंकी, सहायक प्राध्यापक, बरकतुल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को माइक्रोबायोलॉजी के क्षेत्र में उपलब्ध विविध करियर अवसरों, अनुसंधान के महत्व तथा इस क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बरकतुल्ला विश्वविद्यालय में उपलब्ध इंटर्नशिप एवं रिसर्च के अवसरों से भी छात्रों को अवगत कराया।
अपने व्याख्यान में डॉ. सोलंकी ने बताया कि वर्तमान समय में माइक्रोबायोलॉजी का उपयोग स्वास्थ्य, फार्मास्युटिकल, खाद्य उद्योग, कृषि एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है, जिससे रोजगार की संभावनाएं निरंतर सशक्त हो रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक ज्ञान अर्जित करने, इंटर्नशिप करने तथा शोध गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. केएस बघेल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए छात्रों को सूक्ष्मजीव विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और इसके उज्ज्वल भविष्य पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. हर्षिता सिनोदिया द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रो. पूजा राजकुल ने किया। कार्यक्रम में प्रो. नंदिनी मंडलोई, प्रो. राहुल शार्दे, सुश्री साधना चौहान, श्री शुभम गुप्ता, श्री अनिल राठौड़ सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे।














Leave a Reply