Advertisement

अपर मुख्य सचिव श्री दुबे ने एलिवेटेड रोड, नाला सफाई और मल्टीलेवल पार्किंग का किया निरीक्षण

ग्वालियर : अपर मुख्य सचिव श्री संजय दुबे ने गुरुवार को ग्वालियर शहर में एलिवेटेड रोड निर्माण से क्षतिग्रस्त हुई सीवर लाइन, नाला सफाई व्यवस्था एवं महाराज बाड़ा स्थित मल्टीलेवल कार पार्किंग का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बारिश से पहले सीवर संधारण एवं नालों की सफाई का कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। यदि बारिश के दौरान शहर में जलभराव या सीवर ओवरफ्लो की समस्या सामने आई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त नगरीय प्रशासन श्री संकेत भोंडवे, नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय, अपर आयुक्त नगरीय प्रशासन श्री दिव्यांक सिंह, अपर आयुक्त श्री टी. प्रतीक राव व श्री प्रदीप तोमर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अपर मुख्य सचिव श्री दुबे ने सबसे पहले एलिवेटेड रोड निर्माण के कारण क्षतिग्रस्त हुई सीवर लाइन के संधारण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मरम्मत कार्य बारिश शुरू होने से पहले पूर्ण किए जाएं और कहीं भी सीवर लाइन ओवरफ्लो की स्थिति न बने। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को परेशानी से बचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसलिये सर्वोच्च प्राथमिकता से सीवर समस्या का स्थायी समाधान समय पर सुनिश्चित करें। श्री दुबे ने नाला सफाई कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी प्रमुख नालों की सफाई अभियान स्तर पर कराई जाए, ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

भ्रमण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने इसके बाद महाराज बाड़ा स्थित मल्टीलेवल कार पार्किंग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि अतिवर्षा के कारण भूजल स्तर बढ़ने से तलघर में पानी भर गया है। वर्तमान में तलघर में लगभग आठ फीट पानी जमा होने के कारण पार्किंग का उपयोग प्रभावित हो रहा है। इस पर श्री दुबे ने तलघर से निकल रहे पानी के सदुपयोग की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे इस पानी का उपयोग जनहित में किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने चेतकपुरी क्षेत्र के नाले एवं सड़क का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नाले के आसपास निर्माण सामने आने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित प्रकरण की फाइल प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *