भोपाल। नेशनल बुक ट्रस्ट नई दिल्ली द्वारा 1 फरवरी से 9 फरवरी 25 तक भारत मंडपम (प्रगति मैदान) में विश्व पुस्तक मेले का आयोजन किया जा रहा है। आईसेक्ट पब्लिकेशन के वरिष्ठ प्रबंधक श्री महीप निगम ने बताया कि, इस मेले में विश्वरंग- आईसेक्ट पब्लिकेशन द्वारा भी भाग लिया जा रहा है। इसमें कम्प्यूटर विज्ञान, साहित्य, कला, संस्कृति, लोक परंपरा, स्वास्थ , योग, कौशल विकास, विज्ञान, बाल साहित्य में प्रकाशित 600 से अधिक पुस्तकें, मोनोग्राफ, पत्रिकाओं को प्रदर्शित किया जायेगा। इसी के साथ प्रवासी भारतीयों द्वारा लिखित पुस्तकें भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। पाठकों के लिए विभिन्न लेखकों से बातचीत, पुस्तक विमोचन, लेखक से मिलिए आदि कार्यक्रम भी निर्धारित किये गए हैं। इसमें आईसेक्ट पब्लिकेशन 100 से अधिक नए टाइटल लेकर आ रहे हैं। प्रवासी भारतीय साहित्य की श्रेणी में अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, नीदरलैंड आदि देशों की कहानियां मिलेंगी।
बहुभाषा अनुवाद की श्रेणी में चेखव, टैगोर, मंटो आदि की पुस्तकें मिलेगी। इसके साथ देश के प्रसिद्ध कथाकारों की कहानियां, कथादेश, कथा मध्यप्रदेश, कथा भोपाल भी आईसेक्ट पब्लिकेशन के स्टॉल पर उपलब्ध होगी। हॉल नं- 2 में स्टॉल नं-7 पर साहित्य चर्चा विचार विमर्श का आयोजन भी किया जाएगा। विश्वरंग के निदेशक, वरिष्ठ लेखक श्री संतोष चौबे ने सभी लेखकों, पाठकों एवं पुस्तक प्रेमियों से विश्व पुस्तक मेले में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। विश्व पुस्तक मेला के संदर्भ में एक पोस्टर का भी लोकार्पण श्री संतोष चौबे द्वारा किया गया है।
Leave a Reply