Advertisement

मध्य प्रदेश उर्दू अकादमी द्वारा आयोजित “उर्दू ड्रामा फ़ेस्टिवल” के तीसरे दिन “छोटी बड़ी बातें – 9” का नाट्य मंचन

भोपाल। मध्य प्रदेश उर्दू अकादमी, संस्कृति परिषद, संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित चार दिवसीय “उर्दू ड्रामा फ़ेस्टिवल” के तीसरे दिन शाम 7 बजे  “छोटी बड़ी बातें-9” के तहत ‘आख़िर तुम्हें आना है, ज़रा देर लगेगी’, ‘कुछ तो कहिये’ और ‘अटैची कैस’का नाट्य मंचन जनजातीय संग्रहालय सभागार, श्यामला हिल्स, भोपाल में किया गया।यह नाट्य प्रस्तुति भोपाल थियेटर्स, भोपाल की ओर से दी गई। नाटकों के  निर्देशक राजीव वर्मा एवं लेखक रिशा गुप्ता, रज़िया सज्जाद ज़हीर एवं राजेन्द्र कुमार शर्मा हैं । 

कार्यक्रम के प्रारम्भ में अकादमी की निदेशक डॉ नुसरत मेहदी ने कहा कि सिनेमा या थिएटर सिर्फ़ मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि इंसानी भावनाओं को समझने और समाज से संवाद करने का एक सशक्त माध्यम है। मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी द्वारा आयोजित ड्रामा फ़ेस्टिवल में आज प्रख्यात सिने अभिनेता, रंगमंच निर्देशक एवं निर्माता श्री राजीव वर्मा जी द्वारा निर्देशित ‘छोटी बड़ी बातें–9’ के माध्यम से रिश्तों की उन बारीकियों को मंच पर लाने की कोशिश की गई है जिन्हें हम रोज़मर्रा की ज़िंदगी में अक्सर नज़र अंदाज़ कर देते हैं। यह प्रस्तुति वर्तमान में चरमराती कुटुंब व्यवस्था की पुनर्स्थापना की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। 

प्रस्तुत नाटकों का संक्षिप्त विवरण निम्न है। 

– आख़िर तुम्हें आना है, ज़रा देर लगेगी 

माता-पिता के त्याग, अकेलेपन और दाम्पत्य संबंधों की दूरी को उजागर करती संवेदनशील कहानी।

– कुछ तो कहिये

पति-पत्नी के बीच संवाद की कमी और उससे उत्पन्न भावनात्मक दूरी पर आधारित मार्मिक नाटिका।

– अटैची केस

दाम्पत्य जीवन की नोंक-झोंक और उसमें छिपे प्रेम को हास्य के माध्यम से प्रस्तुत करती मनोरंजक प्रस्तुति।

मंच पर अभिनय करने वाले मुख्य कलाकारों में राजीव वर्मा, रीता वर्मा, महुआ चटर्जी, प्रवीण महुवाले आदि के नाम शामिल हैं एवं संगीत उमेश तरकसवार एवं रवीन्द्र टाक द्वारा दिया गया तथा संगीत संचालन कबीर तरकसवार द्वारा किया गया। नाट्य समारोह के आख़िरी दिन 28 मार्च, 2026 सायं 7.00 बजे रंगशीर्ष संस्था, भोपाल द्वारा हसीना मान जाएगी नाटक का मंचन होगा जिसमें निर्देशन रहेगा वरिष्ठ रंगमंच कलाकार संजय मेहता का। इसके लेखक हैं पियर द बोमर्शिये एवं इसका नाट्य रूपांतरण जे.एन. कौशल द्वारा किया गया है। उर्दू ड्रामा फ़ेस्टिवल में प्रवेश निशुल्क रहेगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *