जबलपुर : गोल बाजार स्थित शहीद स्मारक परिसर में आयोजित बारह दिनों का पुस्तक मेला में विद्यार्थियों और अभिभावकों की भागीदारी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। मेला के आठवें दिन आज बुधवार को भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और अभिभावकों ने निजी स्कूलों की पाठ्य पुस्तकें, गणवेश और कापियां रियायती दरों पर खरीदी। पुस्तक मेला में निजी स्कूलों की कॉपी-किताबें, यूनिफार्म, स्कूल बैग और अन्य शैक्षणिक सामग्री पर 20 से 50 प्रतिशत तक की छूट मिल रही है। पुस्तक मेला के आठवें दिन भी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। राज्य शिक्षा केन्द्र के जिला प्रभारी राजेश बरसैयां सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि थे। उन्होंने पुस्तक मेला का अवलोकन भी किया और यहाँ लगे बुक बैंक के स्टॉल की सराहना की। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं दी। पुस्तक मेला में आज एक अप्रैल से नवीन शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ होने के अवसर पर मेले में पाठ्यपुस्तकों की खरीदारी के लिये भारी भीड़ देखी गई। पुस्तक मेला में सांस्कृतिक संध्या में स्कूली बच्चों द्वारा दी गई मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और ‘एकल योग स्तुति’ ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। ‘स्कूल चले हम’ के संदेश के साथ ही अभिभावकों को अपने बच्चों को नियमित स्कूल भेजने के लिए प्रोत्साहित किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने बताया कि यह मेला आगामी 5 अप्रैल तक निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों एवं नागरिकों से पुस्तक मेला में लगे ‘बुक बैंक के स्टॉल में सीबीएसई और इंग्लिश मीडियम की पुस्तकें दान करने की अपील की है। अन्य विद्यार्थियों की सहायता में सहभागी बनें।
पुस्तक मेला :- विद्यार्थियों और अभिभावकों ने की रियायती दर पर पाठ्य पुस्तकों की खरीदारी

















Leave a Reply