भोपाल। स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी (SGSU), भोपाल की मेन्स कराटे टीम ने साउथ वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। खिलाड़ियों ने अपने कौशल, अनुशासन और समर्पण के बल पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।
प्रतियोगिता में 84 किलोग्राम वर्ग में पियुष पवार ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, वहीं -50 किलोग्राम वर्ग में विष्णु शाह ने कांस्य पदक प्राप्त किया। टीम के समग्र प्रदर्शन के आधार पर स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी की कराटे टीम ऑल ओवर टूर्नामेंट में द्वितीय रनर-अप रही, जो विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विश्वविद्यालय के तीन खिलाड़ियों—पियुष पवार (84 किलोग्राम वर्ग), विष्णु शाह (-50 किलोग्राम वर्ग) एवं हर्ष यादव (-75 किलोग्राम वर्ग) का चयन एआईयू (ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट) के लिए किया गया है।
इस अवसर पर स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि हमारे खिलाड़ियों की यह सफलता उनके निरंतर अभ्यास, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। विश्वविद्यालय में खेल और शिक्षा को समान महत्व दिया जाता है, और यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। हमें विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
एसजीएसयू के कुलगुरु डॉ. विजय सिंह, कुलसचिव डॉ. सीतेश कुमार सिन्हा, डीएसडब्ल्यू डॉ. विनोद कुमार शर्मा, शिक्षा विभाग की हेड डॉ. संजू शर्मा, स्पोर्ट्स मैनेजिंग डायरेक्टर श्री ममलेश कर्मा तथा खेल अधिकारी एवं सहायक प्राध्यापक नलिनी खरे सहित विश्वविद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एसजीएसयू परिवार ने चयनित खिलाड़ियों को आगामी एआईयू ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की है।

















Leave a Reply