पांच दिवसीय पुतुल समारोह 12 अक्टूबर तक , समारोह में अलग-अलग राज्यों की कठपुतली कलाओं का प्रदर्शन
भोपाल। जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी द्वारा मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय में कठपुतली कला की विविध शैलियों पर एकाग्र पुतुल समारोह का आयोजन 08 से 12 अक्टूबर, 2025 प्रतिदिन सायं 6.30 बजे से किया गया है। समारोह में 8 अक्टूबर, 2025 को भारतीय लोक कला मंडल- उदयपुर के कलाकारों द्वारा काबुलीवाला/रामायण कथा की प्रस्तुति धागा पुतली शैली में दी गई। समारोह की शुरूआत दीप प्रज्ज्वलन एवं कलाकारों के स्वागत से की गई। अस दौरान निदेशक, जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी डॉ. धर्मेंद्र पारे उपस्थित रहे।


रामयण कठपुतली नाटिका रामयण पर आधारित प्रसंगों का कथासार है। नाटिक में भगवान श्री राम के द्वारा राजा जनक द्वारा रचे गये स्वंयवर में माता सीता से विवाह कर अयोध्या जाना। अयोध्या के रहवासियों द्वारा श्रीराम राज्याभिषेक का उत्सव मनाना । उक्त घोषणा की सूचना पर कैकयी-मंथरा संवाद और उसके बाद कैकयी द्वारा राजा दशरथ से भगवान श्रीराम के लिए 14 वर्षों का वनवास और भरत के लिए राज्य का वचन मांगना जैसे प्रसंगों को मंचित किया गया। वचन को पूर्ण करने के लिये भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता 14 वर्ष के वनवास जाना, सूर्पणखा प्रसंग। अगले दृश्य में लंका के राजा रावण को पता लगा, तो उसने छल पूवर्क माता सीता हरण कर, शादी का प्रस्ताव रखा। माता सीता को श्रीराम और लक्ष्मण द्वारा ढूंढना। श्रीहनुमान द्वारा माता सीता का पता लगाया जाना एवं भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध के दश्यों को मंचित किया गया।
कहानी काबुलीवाला एक अफगानी पठान व बालिका मिनी की कहानी है। इसमें बताया गया है कि अफगानी पठान हर साल सूखे मेवे बेचने के लिए कलकत्ता जाता है। यहाँ बंगाली परिवार से उसका लगाव हो जाता है। उस परिवार की बालिका मिनी को देखकर वो अपनी बेटी को याद करता है, जो उसी की उम्र की है। बंगाली बाबू की पत्नी मिनी और काबुलीवाला की दोस्ती को पसंद नहीं करती। जब काबुलीवाला अपने देश जाते समय बनिये को दिए सूखे मेवे के पैसे मांगने जाता है, तो सेठ उसे पैसे देने से इंकार करता है। आपसी कहा सुनी हाथा पाई में बदल जाती है और काबुलीवाले के हाथों सेठ का खून हो जाता है। खून के आरोप में उसे जेल की सज़ा हो जाती है। वह जेल में दस साल की सज़ा काटते हुए अपने परिवार को याद करता है। सजा पूरी होने पर अफगान लौटते समय वह बंगाली परिवार की बेटी मिनी से मिलने की इच्छा जताता है। मिनी अब बड़ी हो चुकी है और उसकी शादी की तैयारी हो रही है। काबुलीवाला बंगाली परिवार से मिनी से एक बार मिलने की गुहार करता है और मिनी जैसी ही उसकी बेटी होने की जानकारी देता है। बंगाली परिवार काबुलीवाला पर दया करते हुए। मिनी की शादी का आधा खर्च उसकी बेटी की शादी के लिए दे देता है, दस साल पुरानी यादों को ताजा कर काबुलीवाला और मिनी गले मिल कर रो पड़ते हैं। काबुलीवाला अपने वतन के लिए चला जाता है।
समारोह में 9 अक्टूबर, 2025 को श्री प्रदीपनाथ त्रिपाठी एवं साथी- लखनऊ द्वारा गुलाबो-सिताबो/अलादीन/लवकुश कथा को छड़ और दस्ताना शैली एवं 10 अक्टूबर, 2025 को श्री कप्तान सिंह एवं साथी- शाहजहांपुर द्वारा केवट प्रसंग / सीता हरण प्रसंग छड़ और दस्ताना शैली में प्रस्तुत किया जायेगा। समारोह के चौथे दिन 11 अक्टूबर, 2025 को सुश्री बिनिता देवी एवं साथी-गुवाहाटी द्वारा रावण वध / राम विजय भाओना कथा को धागा/छड़/ छाया शैली एवं समापन दिवस 12 अक्टूबर, 2025 को श्री अक्षय भाट एवं साथी- नई दिल्ली द्वारा ढोलामारू / सीता हरण प्रसंग धागा/आधुनिक शैली में प्रस्तुत किया जायेगा। समारोह में आप सभी सादर आमंत्रित हैं। प्रवेश निःशुल्क है।
वहीं समारोह में प्रतिदिन दोपहर 2.00 बजे से अन्य कठपुतली प्रस्तुतियाँ संयोजित की गई हैं जिसमें श्री मुकेश भारती ने पारंपरिक राजस्थानी संगीत पर आधारित कठपुतली प्रदर्शन किया। समारोह में प्रतिदिन दोपहर 2.00 बजे से अन्य कठपुतली प्रस्तुतियाँ होगी। जिसमें घनश्याम भट्ट, राहुल भट्ट, दुलारे भट्ट, जगदीश भट्ट – भोपाल द्वारा कठपुतली की प्रस्तुति दी जायेगी।
Leave a Reply