इंदौर जिले में कोरोना संबंधी घर-घर जाकर सर्वे और फॉलोअप का कार्य अगले एक महीने तक और चलेगा

इंदौर। इंदौर जिले में कलेक्टर श्री मनीष सिंह की पहल पर घर-घर जाकर कोरोना संबंधी सर्वे का कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो गया है। कहीं दो चरण में तो कहीं तीन चरण में फॉलोअप भी हो गया है। अब अगले एक महीने तक घर-घर जाकर सर्वे और फॉलोअप का कार्य किया जायेगा। कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने सर्वे कार्य में लगे सभी कर्मियों की सराहना की और उन्होंने कहा कि सर्वे के परिणामस्वरूप हम स्थिति को नियंत्रित करने में कामयाब हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी सावधानियाँ और सख्ती रखी जाना जरूरी है। जरा सी असावधानी और लापरवाही बड़ी परेशानी का कारण बनेगी। सर्वे कार्य में लगी आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, शिक्षकों आदि को भी सम्मान निधि देने की बात कही।
            कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने नेहरू स्टेडियम परिसर में रानीपुरा, दौलतगंज, छावनी, मुराई मोहल्ला, विनोबा नगर, गीता भवन क्षेत्र आदि क्षेत्रों में सर्वे कार्य में लगे दल के सदस्यों, सेक्टर अधिकारी, चिकित्सक, एसडीएम, एडीएम आदि की संयुक्त बैठक ली। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री आशीष सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहन सक्सेना, एडीएम श्री पवन जैन, अपर कलेक्टर श्री अजयदेव शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने बैठक में कहा कि सर्वे दल द्वारा मानवीय संवेदनाओं और सेवाभाव के साथ सफलतापूर्वक सर्वे का कार्य किया जा रहा है। इनका कार्य अत्यन्त सराहनीय है। सर्वे दल के सदस्यों की हर परेशानी का ध्यान रखा जायेगा। उन्हें किराना सामग्री और अन्य जरूरी सामग्रियां भी दी जायेंगी। कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने बताया कि सर्वे कार्य में लगे डॉक्टरों को वाहनों के ईंधन का खर्च भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगला एक महीना और चुनौतीपूर्ण है। हमें सर्वे और फॉलोअप की शुद्धता और एक्यूरेसी पर विशेष ध्यान देना है। कहीं भी सर्दी, खांसी, बुखार, सांस फूलने के लक्षण अगर किसी में दिखायी दें तो तुरंत डॉक्टर को दिखाकर उसका इलाज शुरू करवाया जाये। सर्वे और फॉलोअप में कोई भी घर छूट नहीं पाये, यह विशेष ध्यान रखा जाये।
            बताया गया कि इंदौर में सर्वे के तहत पाँच लाख घरों में 28 लाख 53 हजार से अधिक व्यक्तियों के सर्वे का कार्य पूरा हो गया है और अब फॉलोअप का कार्य चल रहा है। सर्वे के लिये 1856 दल बनाये गये हैं। इनमें साढ़े चार हजार से अधिक कर्मचारियों की सेवाएं ली जा रही हैं। प्रत्येक तीन दल पर एएनएम भी है। इनके अलावा डॉक्टर और सेक्टर अधिकारी भी लगाये गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *