Advertisement

कलेक्टर श्रीमती चौहान ने शीतला माता मंदिर मेले की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

ग्वालियर : जिले के सातऊ ग्राम में स्थित सुप्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में नवदुर्गा महोत्सव के अवसर पर आयोजित हो रहे मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान रविवार की देर शाम शीता माता मंदिर पहुँचीं। जिला प्रशासन द्वारा नगर निगम के माध्यम से शिवपुरी लिंक रोड से शीतला माता मंदिर तक लगवाई गई स्ट्रीट लाइट व पहुँच मार्ग के दोनों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर की गई झाड़ियों की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। सभी स्ट्रीट लाइट जलती हुई मिलीं। मौके पर मौजूद नगर निगम की विद्युत विभाग की टीम को उन्होंने निर्देश दिए किसी भी खंबे की स्ट्रीट लाइट खराब हो तो उसे तत्काल बदला जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने श्रद्धालुओं से भी सुविधाओं के बारे में चर्चा की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजन सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी भी कलेक्टर के साथ शीतला माता मंदिर की व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के उद्देश्य से पहुंचे थे। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला परिसर में बिजली,पेयजल, साफ सफाई इत्यादि व्यवस्थाएं 24 घंटे पुख्ता रहें। कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक में विशेष जोर देकर कहा कि श्रद्धालु सुविधाजनक तरीके से माता के दर्शन व पूजा-अर्चना कर सकें, इसके लिये बैरीकेटिंग व कतार लगाने की व्यवस्था मजबूत बनी रहे । इसमें कोई ढ़िलाई न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह ने शिवपुरी लिंक रोड से शीतला माता मंदिर तक यातायात व्यवस्था को सुगम व सुचारू बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने यातायात पुलिस एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को निर्देश दिए कि पूरी मुस्तैदी के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएं। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ सभी का व्यवहार संवेदनशील व सम्मानजनक हो। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *