भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के फुटबॉल ग्राउंड में एजीयू स्पोर्ट्स मीट–2026 का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन में आईसेक्ट ग्रुप ऑफ यूनिवर्सिटीज के विभिन्न विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों, खेल अधिकारियों और गणमान्य अतिथियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि पूर्व भारतीय क्रिकेटर ईश्वर पांडे एवं विशिष्ट अतिथियों आरएनटीयू के चांसलर संतोष चौबे और स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी के आगमन और गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने से हुई। इसके बाद अतिथियों का परिचय, औपचारिक स्वागत और टॉर्च रिले का आयोजन किया गया, जिसने खेलों के प्रति ऊर्जा और समर्पण का संदेश दिया।
रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी ने स्वागत उद्बोधन में खेलों को व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। इस अवसर पर विभिन्न विश्वविद्यालयों- सीवीआरयू बिलासपुर, सीवीआरयू वैशाली, सीवीआरयू खंडवा, आईसेक्ट यूनिवर्सिटी हजारीबाग, स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी भोपाल तथा आरएनटीयू भोपाल के खेल अधिकारियों ने अपनी शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि खेल युवाओं में टीमवर्क, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास करते हैं। इस दौरान आरएनटीयू स्पोर्ट्स न्यूज़ लेटर का विमोचन भी किया गया।
मुख्य अतिथि पूर्व भारतीय क्रिकेटर ईश्वर पांडेय ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अनुशासन और निरंतर अभ्यास को सफलता की कुंजी बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संतोष चौबे ने कहा कि विश्वविद्यालयों के ऐसे आयोजन युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस तीन दिवसीय स्पोर्ट्स मीट में क्रिकेट (पुरुष वर्ग), फुटबॉल (पुरुष वर्ग), वॉलीबॉल (पुरुष वर्ग) तथा फुटसल (महिला वर्ग) की प्रमुख प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं, जिनमें विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं। आयोजन का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को मंच देना और विश्वविद्यालयों के बीच खेल सहयोग को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने निष्पक्ष खेल और खेल भावना की शपथ ली तथा अंत में गुब्बारा छोड़कर एजीयू स्पोर्ट्स मीट–2026 के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की गई। टीमों के समूह फोटो और सांस्कृतिक प्रस्तुति ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया।
यह आयोजन आईसेक्ट समूह के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न सहयोगी विश्वविद्यालयों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।

















Leave a Reply